Women’s Day: ‘कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव’ से स्कूल छोड़ चुकी छात्राओं को मिलेगा दाखिला, शिक्षा मंत्रालय का संयुक्त अभियान

Mar 08, 2022
Source: https://www.jagran.com

Women’s Day 2022 महिला और बाल विकास एवं शिक्षा के केंद्रीय मंत्रालयों ने यूनीसेफ के साथ मिलकर देश में चार लाख से अधिक 11 से 14 वर्ष की छात्राओं की औपचारिक शिक्षा में वापसी के लिए विशेष अभियान ‘कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव’ की शुरूआत 7 मार्च 2022 को की।

नई दिल्ली, एजुकेशन डेस्क। Women’s Day 2022: आज, 8 मार्च 2022 को पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। महिलाओं की हर क्षेत्र में भागीदारी को बढ़ावा देने और उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से संयुक्त राष्ट्र द्वारा हर वर्ष मनाए जाने इंटरनेशनल वीमेन्स डे के इस साल के अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और यूनीसेफ के साथ मिलकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने स्कूली शिक्षा में छात्राओं की वापसी के लिए एक विशेष अभियान की शुरूआत की है। ‘कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव’ के नाम से पूर्व संध्या यानि 7 मार्च 2022 को शुरू किए गए इस अभियान के अंतर्गत किसी कारणवश स्कूली पढ़ाई छोड़ चुकी देश भर की 11 से 14 वर्ष की बालिकाओं की औपचारिक शिक्षा वापसी कराई जाएगी।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा साझा की गयी विज्ञप्ति के अनुसार ‘कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव’ के माध्यम से देश में चार लाख से अधिक छात्राओं को मंत्रालय के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ (बीबीबीपी), किशोर बालिकाओं के लिए योजना (एसएजी) और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के प्रावधानों को सम्मिलित करते हुए लाभान्वित किया जाएगा।

कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव’ अभियान की शुरूआत करते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि सरकार महिलाओं और लड़कियों के साथ काम करने की आवश्यकता को पूरी तरह से स्वीकार करती है और स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता सहित कौशल निर्माण में निरंतर निवेश करने, युवा महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने और भारत के बच्चों और युवाओं के बीच लिंग-समान दृष्टिकोण और प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय के लिए पिछले वर्षों में लड़कियों के नामांकन को प्राथमिकता देना महत्वपूर्ण रहा है। हालांकि, पिछले दो वर्षों के दौरान महामारी के चलते लड़कियों का माध्यमिक शिक्षा में नामांकन और स्कूल में बनाए रखने के लिए व्यवस्थित रूप से समर्थन का लाभ उठाना अनिवार्य हो गया है।

 

आपकी राय !

हमारे राज्य में औद्योगिक मजदूरों के हित में क्या कानून है

मौसम