यूपी के सरकारी कर्मियों का 2022 के लिए सार्वजनिक अवकाश कैलेंडर जारी, होली व दीपावली पर खूब छुट्टियां

Oct 27, 2021
Source: https://www.jagran.com/

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य कर्मचारियों को वर्ष 2022 में छुट्टियों के मामले में कुछ राहत होगी। इस साल सात सार्वजनिक अवकाश शनिवार और रविवार को पड़ रहे हैं। वहीं अगले वर्ष पांच छुट्टियां रविवार को पड़ेंगी। शनिवार को कोई अवकाश नहीं होगा। हालांकि दो अवकाश एक ही तारीख को पड़ने से कर्मचारियों को एक छुट्टी का नुकसान होगा। अगले साल होली और दीपावली के त्योहारों पर खूब छुट्टियां रहेंगी।

सामान्य प्रशासन विभाग ने वर्ष 2022 में राज्य कर्मचारियों को मिलने वाले सार्वजनिक अवकाशों, निर्बन्धित अवकाशों और कार्यकारी आदेशों के तहत घोषित किये जाने वाले अवकाशों के बारे में शासनादेश जारी कर दिया है। सचिवालय समेत सप्ताह में पांच कार्यदिवसों वाले कार्यालयों में होली पर 17 से 20 मार्च तक चार दिनों का अवकाश मिलेगा। 17 मार्च यानी गुरुवार को होलिका दहन व शुक्रवार 18 मार्च को होली की छुट्टी होगी। 19 व 20 मार्च को शनिवार व रविवार होने के कारण इन कार्यालयों में साप्ताहिक बंदी होगी।

अगले वर्ष यानी 2022 दीपावली का त्योहार 24 अक्टूबर यानी सोमवार को होगा। पांच दिवसीय कार्यालयों में 22 व 23 अक्टूबर को शनिवार, रविवार की साप्ताहिक बंदी होगी। वहीं 26 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 27 अक्टूबर को भैया दूज/चित्रगुप्त जयंती का अवकाश होगा। यदि कर्मचारी 25 अक्टूबर को एक दिन की छुट्टी ले लें तो पांच दिवसीय कार्यालयों के कार्मिकों को छह दिनों और छह दिवसीय के कर्मचारियों को पांच दिनों का अवकाश मिल जाएगा।

पांच अवकाश रविवार को : अगले वर्ष दस अप्रैल को राम नवमी, 10 जुलाई को ईदुज्जहा (बकरीद), दो अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती, नौ अक्टूबर को ईद-ए-मिलाद/बारावफात और क्रिसमस-डे की छुट्टियां रविवार को होंगी। इस साल जहां चार छुट्टियां रविवार और तीन शनिवार को पड़ रही हैं, वहीं 2022 में शनिवार को कोई अवकाश नहीं है।

एक छुट्टी का नुकसान : अगले साल डा.भीमराव आंबेडकर जन्मदिवस और महावीर जयंती का अवकाश एक ही दिन यानी 14 अप्रैल को होगा। इस लिहाज से राज्य कर्मचारियों को एक दिन की छुट्टी का नुकसान होगा।

गुरु गोविंद सिंह जयंती की छुट्टी साल में दो बार : वर्ष 2022 में गुरु गोविंद सिंह जयंती दो बार-नौ जनवरी (रविवार) और 29 दिसंबर (गुरुवार) को पड़ रही है। गुरु गोविंद सिंह जयंती का अवकाश कार्यकारी आदेश के तहत घोषित किया जाता है।

आपकी राय !

अग्निवीर योजना से कितने युवा खुश... और कितने नहीं वोट करे और कमेंट में हमे वजह बातए ? #agniveer #agniveeryojana #opinionpoll

मौसम