आगामी 25 साल के लिए दिल्ली पुलिस तय करेगी अपना लक्ष्य

Feb 17, 2022
Source: https://hindi.livelaw.in

अमित शाह ने दिल्ली पुलिस के स्थापना दिवस पर उसे 25 वर्षों का लक्ष्य तय करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि देश की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष में स्वयं को किस स्थान पर पहुंचाना है दिल्ली पुलिस यह लक्ष्य तय करे और रोडमैप बनाए।

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस के स्थापना दिवस पर उसे 25 वर्षों का लक्ष्य तय करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि देश की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष में स्वयं को किस स्थान पर पहुंचाना है, दिल्ली पुलिस यह लक्ष्य तय करे और इसे पूरा करने का रोडमैप बनाए। केंद्रीय गृह मंत्री का देश के सर्वाधिक पेशेवर माने जाने वाले पुलिस बलों में से एक दिल्ली पुलिस से ऐसी अपेक्षा करना सर्वथा उचित है। अमित शाह ने अपने संबोधन में राजधानी की सुरक्षा के मामले में पुलिस के 75 वर्षों के कामकाज के लिए उसकी सराहना की। इस दौरान, उन्होंने कोरोना काल में की गई लोगों की सेवा, राजधानी पर आतंकी हमलों की साजिशों को विफल करने और उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगे से जुड़े मामलों में बेहद पेशेवर तरीके से जांच करने के लिए दिल्ली पुलिस की सराहना की।

निश्चित तौर पर कोरोना काल में दिल्ली पुलिस ने कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के साथ ही कोरोना के कारण परेशान लोगों को भोजन, मास्क-सैनिटाइजर व आक्सीजन उपलब्ध कराने में भी हरसंभव सहायता की। इस दौरान, कई पुलिसकर्मियों की संक्रमण की चपेट में आने से जान भी गई, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मी लोगों की मदद में जुटे रहे। इसके लिए दिल्ली पुलिस की सराहना की ही जानी चाहिए। पिछले कुछ वर्षों में ऐसा कई बार हुआ, जब दिल्ली पुलिस ने राजधानी में आतंकी हमलों की साजिश का पर्दाफाश कर आतंकियों व उनके सहयोगियों की धरपकड़ की। हालांकि, इस दौरान दिल्ली पुलिस कई चुनौतियों से भी जूझती रही है, जिनमें पुलिसकर्मियों की कमी एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में जबकि राजधानी में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वीवीआइपी सुरक्षा में लगे रहते हैं, यहां पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई ही जानी चाहिए।

इसके चलते अगले ढाई दशकों में आबादी बढ़ने के साथ महिला सुरक्षा, साइबर अपराध व सड़कों पर होने वाले अपराधों पर नियंत्रण और यातायात का बेहतर प्रबंधन भी दिल्ली पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित होगा। पुलिस को अगले 25 वर्षों का लक्ष्य तय करते समय इन विषयों को प्राथमिकता पर रखना चाहिए, ताकि वह आगे भी दिल्लीवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप खुद को तैयार कर सके और उनपर खरी उतर सके।

 

 

आपकी राय !

क्या आप ram mandir से खुश है ?

मौसम