RBI MPC की बैठक अब कल से होगी शुरू, 10 फरवरी को होगी मौद्रिक नीति की घोषणा

Feb 07, 2022
Source: https://www.jagran.com

RBI Postpones MPC Meet भारतीय रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक को आठ फरवरी के लिए पुनर्निर्धारित किया है। यह फैसला महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य में 7 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के कारण लिया गया है।

मुंबई, पीटीआइ। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रविवार को भारत रत्न गायिका लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य में 7 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के कारण मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक को एक दिन के लिए पुनर्निर्धारित करने की घोषणा की। पहले यह बैठक सात से नौ फरवरी 2022 को होनी थी। अब यह बैठक आठ फरवरी को होगी और बैठक के नतीजे 10 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

RBI ने रविवार को देर शाम जारी किया बयान

RBI ने रविवार को देर शाम एक बयान में कहा, ‘‘महाराष्ट्र सरकार के भारत रत्न दिवंगत लता मंगेशकर के सम्मान में सात फरवरी 2022 को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के कारण एमपीसी की बैठक को अब आठ से दस फरवरी 2022 के लिए पुनर्निर्धारित कर दिया गया है।’’ वहीं, एक अलग विज्ञप्ति में आरबीआई ने कहा कि 7 फरवरी, 2022 को सरकारी प्रतिभूतियों (प्राइमरी और सेकेंडरी), विदेशी मुद्रा, मुद्रा बाजार और रुपया ब्याज दर डेरिवेटिव में कोई लेनदेन और निपटान नहीं होगा।

8 फरवरी 2022 को होगा सभी बकाया लेनदेन का निपटान

विज्ञप्ति में कहा गया है, "सभी बकाया लेनदेन का निपटान अगले कार्य दिवस यानी 8 फरवरी, 2022 तक के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।" चलनिधि समायोजन सुविधा (एलएएफ) फिक्स्ड रेट रिवर्स रेपो और एमएसएफ संचालन के तहत लेनदेन, जिसके लिए दूसरे चरण के निपटान की तारीख 7 फरवरी, 2022 थी, अब अगले कार्य दिवस यानी 8 फरवरी, 2022 को परिपक्व होगी। इसके अलावा, दैनिक एलएएफ फिक्स्ड रेट रिवर्स रेपो और एमएसएफ विंडोज 7 फरवरी, 2022 को हमेशा की तरह उपलब्ध होंगी।

बजट 2022-23 पेश होने के बाद पहली MPC की बैठक

बता दें कि रिजर्व बैंक द्वारा अपनी अगली द्विमासिक आर्थिक नीति में प्रमुख नीतिगत दरों पर यथास्थिति बनाए रखने की संभावना है। 2022-23 के लिए केंद्रीय बजट की प्रस्तुति के बाद यह पहली MPC की बैठक होगी।

 

आपकी राय !

हमारे राज्य में औद्योगिक मजदूरों के हित में क्या कानून है

मौसम