IAS Transfer नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर को मिली बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे GDA की कमान

Sep 19, 2022

गाजियाबाद/ लखनऊ। IAS महेंद्र सिंह तंवर को बड़ी जिम्मेदारी मिली है उन्हें CM योगी के गृह जनपद गोरखपुर में गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) का उपाध्यक्ष बनाया गया है। महेंद्र सिंह तंवर की गिनती प्रदेश के युवा एवं तेजतर्रार प्रशासनिक अधिकारियों में होती है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त के रूप में काम करते हुए उन्होंने अपने कामों से सभी को प्रभावित किया। कूड़ा निस्तारण को लेकर अपनाये गये गाजियाबाद मॉडल की खूब तारीफ हो रही है। गाजियाबाद मॉडल को प्रदेश के अन्य शहरों में भी लागू किया जा रहा है। महेंद्र सिंह तंवर के स्थान पर IAS नितिन गौर को गाजियाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया है। नितिन गौर वर्तमान में मथुरा के मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात है। रविवार की देर शाम प्रदेश सरकार ने 17 IAS अधिकारियों के तबादले की सूची जारी की। गोरखपुर विकास प्राधिकरण ( GDA ) के उपाध्यक्ष प्रेम रंजन को संत कबीर नगर का डीएम बनाया गया है।पिछले महीने 17 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब गाजियाबाद आये थे उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गाजियाबाद के कामकाज की समीक्षा की थी। समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री गाजियाबाद नगर निगम के कूड़ा निस्तारण मॉडल से काफी प्रभावित हुए थे। पूर्व निर्धारित प्रोटोकॉल को दर किनार करते हुए मुख्यमंत्री गारबेज फैक्ट्री पहुंचे थे और वहां किस तरह से कूड़ा निस्तारित होता है। इसका जायजा लिया। कूड़ा निस्तारण को लेकर बनाये गये गाजियाबाद मॉडल को प्रदेश के अन्य शहरों में भी लागू किया गया है। 

मुख्यमंत्री ने नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर से कूड़ा निस्तारण मॉडल और विजन प्लान सहित अन्य डेवलपमेंट योजनाओं के क्रियान्वयन के तौर तरीकों को लेकर जानकारी ली थी। इसके बाद से चर्चाएं चल रही थी कि महेंद्र सिंह तंवर को मुख्यमंत्री किसी अपने मनपसंद स्थान पर भेज सकते हैं। रविवार को महेंद्र सिंह तंवर को गोरखपुर विकास प्राधिकरण ( GDA ) का वीसी बनाने के निर्णय से इसकी पुष्टि भी हो गई। महेंद्र सिंह तंवर की गिनती ऐसे IAS अधिकारियों के रूप में होती है जो कठिन समय में बेहतर परफार्मेंस देते हैं। कोविड संक्रमण के समय में जब सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं फेल हो गई थी और हर तरफ हाहाकार मचा हुआ था। उस समय गाजियाबाद में ऑक्सीजन आपूर्ति और हॉस्पीटल की कमान महेंद्र सिंह तंवर को दी गई। कुशल प्रबंधन के जरिये उन्होंने ना सिर्फ गाजियाबाद में ऑक्सीजन संकट दूर किया बल्कि हॉस्पीटलों की मनमानी पर नकेल कसा और हॉस्पीटल में बेड उपलब्ध नहीं होने की समस्या का समाधान कराया। कोरोना संक्रमण के दौरान पीपीई किट पहनकर हॉस्पीटल के आईसीयू वार्ड से लेकर कोविड संक्रमण वार्ड तक की स्वयं निगरानी की थी। महेंद्र सिंह तंवर के कुशल प्रबंधन और मेहनत से गाजियाबाद में स्थिति को काबू में लाया गया। उस समय भी गाजियाबाद के ऑक्सीजन प्रबंधन मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू किया था।

 

बाराबंकी, भदोही, मथुरा, गाजीपुर, आगरा समेत कई जिलों के डीएम बदल गए हैं। बाराबंकी के डीएम आदर्श सिंह का प्रमोशन हुआ है। उन्हें झांसी का प्रभारी कमिश्नर बना दिया गया है। हरदोई के जिलाधिकारी अनिवाश कुमार को बाराबंकी का नया डीएम बनाया गया है। गाजीपुर के डीएम मंगला प्रसाद सिंह को हरदोई भेजा गया है जबकि भदोही की डीएम आर्यका अखौरी गाजीपुर संभालेंगी। संत कबीर नगर की जिलाधिकारी दिव्या मित्तल अब मीरजापुर की डीएम होंगी। वहीं, अलीगढ़ के नगर आयुक्त गौरांग राठी को भदोही का डीएम बना दिया गया है।

आपकी राय !

uniform civil code से कैसे होगा बीजेपी का फायदा ?

मौसम