नए श्रम कानूनों और रोजगारपरक प्रशिक्षण पर ICIM की उप श्रमायुक्त से महत्वपूर्ण चर्चा
ICIM चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह ने नव नियुक्त उप श्रमायुक्त दिव्य प्रताप सिंह से की भेंट, बदलते श्रम कानूनों और युवाओं के कौशल विकास पर हुआ विचार-विमर्श
इंडियन कौंसिल ऑफ इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट (ICIM) के चेयरमैन सत्येन्द्र सिंह ने गाजियाबाद के नव नियुक्त उप श्रमायुक्त दिव्य प्रताप सिंह से शिष्टाचार भेंट कर श्रम कानूनों में हो रहे बदलाव, औद्योगिक अनुपालन तथा रोजगारपरक प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान नए श्रम कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और उद्योगों एवं नियोक्ताओं को इनके प्रावधानों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि बदलते श्रम कानूनों के दौर में उद्योगों, एचआर प्रोफेशनल्स, श्रम कानून सलाहकारों और युवाओं के लिए व्यावहारिक जानकारी एवं प्रशिक्षण की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
इस अवसर पर ICIM द्वारा प्रस्तावित ऑनलाइन रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और प्रोफेशनल्स को श्रम कानून, औद्योगिक प्रबंधन, वैधानिक अनुपालन, मानव संसाधन तथा कार्यस्थल से जुड़े विषयों का व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने पर विचार किया गया।
सत्येन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षा को रोजगार और उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। यदि युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक औद्योगिक एवं कानूनी प्रशिक्षण मिले, तो उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
भेंट के दौरान उद्योगों, श्रमिकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा जागरूकता एवं प्रशिक्षण के माध्यम से श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन को प्रोत्साहित करने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
